मंगलुरु। कर्नाटक की एक महिला को 14 महीने बाद सऊदी अरब से वापस लाया गया है। उन्हें कथित रूप से वहां एक घर पर गुलाम बनाकर रखा गया था। महिला का नाम जसिंथा मेनडोनका है। वह 42 साल की हैं। जसिंथा का दावा है कि मुंबई की एक एजेंसी ने उनको अच्छी नौकरी लगवाने का झांसा देकर कतर भेजा जहां उनको गुलाम बना लिया गया। खबरों के मुताबिक, जसिंथा को पहले सऊदी अरब लेकर जाया गया। वहां से उनको यंबु भेजा गया। जो कि सऊदी का ही एक शहर है। वहां उनको 14 महीने तक कैद में रखा गया। पत्रकारों से बात करते हुए जसिंथा ने बताया कि जिस शख्स ने उनको गुलाम बनाकर रखा उसकी मां के तीन बड़े-बड़े घर थे।
तीनों घरों की साफ सफाई का जिम्मा जसिंथा पर था। इसके साथ ही उस शख्स की तीन पत्नियों और उनके बच्चों की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी। जसिंथा के मुताबिक, उनके साथ जानवरों जैसा बर्ताव किया जाता था और शख्स से सभी बच्चे उनको गुलाम ही कहते थे।