रामेश्वरम। श्रीलंका नौसेना ने गुरुवार को भारतीय मछुआरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की जिसमें एक भारतीय मछुआरा घायल हो गया। स्थानीय मछुआरा संघ ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग तीन हजार मछुआरे रामेश्वरम से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गए थे और जब वे धनुषकोड़ी तट के समीप अंतरराष्ट्रीय समुद्री रेखा पर मछली पकड़ रहे थे तो श्रीलंका की नौसेना ने एक नौका को निशाना बनाकर गोलीबारी की जिसमें नौका का शीशा टूट कर एक मछुआरे की दायीं आंख के नीचे घुस गया।
इसके बाद सभी मछुआरों ने अपनी गतिविधियों को रोक दिया और वे रामेश्वरम तट लौट आए। मछुआरों की शिकायत पर रामेश्वरम पुलिस ने नौका की जांच-पड़ताल करने पर पाया कि इस पर गोलियों के निशान थे। पट्टालि मक्कल काच्चि ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए केन्द्र सरकार से इस मामले को श्रीलंका उच्चायोग के समक्ष उठाने की मांग की है। पीएमके नेता डॉ अंबुमणि रामदॉस ने केन्द्र सरकार से आग्रह किया कि वह यह सुनिश्चित करे कि इस तरह की घटनाएं फिर न हों।