सोनीपत। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अपने शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार और घोटालों के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश में इतनी भ्रष्ट और नकारा सरकार कभी नहीं रही। हुड्डा सोमवार को यहां लोकसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे। इनके साथ प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा भी मौजूद रही। उन्होंने कहा कि हरियाणा विकास में नंबर एक प्रदेश हुआ करता था, लेकिन भाजपा की सरकार ने इसे विकास में पीछे धकेल कर अपराध में नंबर एक प्रदेश बना दिया है। बेरोजगारी और बेकारी की रोज समस्या बढ़ती जा रही है। युवाओं की नौकरियों को बेचने का काम इस राज में हुआ है। बावजूद इसके सरकार में बैठे लोग ईमानदारी का ढिंढोरा पिटते नहीं थकते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार में बैठे लोगों से सवाल किया कि पांच साल में सोनीपत लोकसभा इलाके में विकास की दिशा में क्या काम हुआ है। एक नया पावर प्रोजेक्ट तक प्रदेश में नहीं लगाया गया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस को सत्ता मिली तो प्रदेश के बुजुर्गों को मिलने वाली सम्मान पेंशन को पांच हजार रुपये किया जाएगा, क्षेत्रों की वृद्धि को दोबारा से गणना कराकर इसका समाधान करेंगे, पंजाब के समान स्केल देते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने यह तय किया है कि हर वर्ग से रायशुमारी करके जनप्रिय घोषणापत्र कांग्रेस तैयार करेगी। इसमें हर किसी वर्ग की भलाई की नीतियों को शामिल किया जाएगा, ताकि सत्ता में आने के बाद इन पर काम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा को प्रदेश से बाहर रास्ता दिखाने के संकल्प के साथ पार्टी मैदान में उतरी है। कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र ऐसा दल है, जहां गरीब और आमजन के हित की बात होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गरीब और कमजोर वर्ग के लिए नीतियां बनाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अंहकार में डूबी हुई है, सत्ता के नशे में चूर होकर वह जमीनी हकीकत से दूर जा रही है। जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश की जनता उनसे तंग आ चुकी है। इस बार प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है और कांग्रेस, भाजपा को सत्ता से बाहर करके ही दम लेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में गरीब और पिछड़े के हितों में अनेक योजनाएं लागू की थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने इन सारी योजनाओं को बंद कर दिया। गरीबों के प्रति भाजपा की नीतियां सही नहीं है। अगर कांग्रेस सत्ता में आई, तो दोबारा इनको शुरू किया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि जो लोग कांग्रेस छोड़ गए थे उन्हें फिर से शामिल करने की दिशा में हर सदस्य काम करें। इस मौके पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष धर्मपाल सिंह मलिक, विधायक कुलदीप शर्मा, जगबीर मलिक, श्रीकृष्ण हुड्डा, जयबीर बाल्मीकि, जयतीर्थ दहिया, अनिल ठक्कर, देवराज दिवान, रणधीर धीरा, सुरेंद्र शर्मा, रवि परूथी, सुरेंद्र दहिया आदि मौजूद रहे।