चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर अपनी और प्रदेश की जनता की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि वह स्वस्थ एवं प्रसन्नचित रहें। आर्य ने अपने बधाई संदेश में कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मोदी के कुशल नेतृत्व में देश सामाजिक समानता एवं समग्र विकास के महान उद्देश्यों को प्राप्त करने में सक्षम होगा।
मोदी के नेतृत्व में भारतवर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि मोदी ने पहले स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत कार्यक्रम चलाकर देश के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं स्वस्थ रहने का संदेश दिया। अब देश में फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की गई है जो जन-जन तक पहुंचा है। देश में शीघ्र ही फिट इंडिया मूवमेंट के सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।