18 Apr 2024, 14:51:25 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

श्रीनगर : घाटी में एक हफ्ते में चौथी बार ग्रेनेड से हमला

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 18 2019 6:50PM | Updated Date: Jan 18 2019 6:51PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के मुख्य इलाके लाल चौक और दक्षिणी कश्मीर के शोपियां में शुक्रवार को आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड से हमले किए। घाटी में एक हफ्ते में चौथी बार ग्रेनेड से हमले किए गए हैं। श्रीनगर में पिछले 24 घंटे से भी कम समय में यह दूसरा ग्रेनेड हमला है। आधिकारिक सूत्रों ने यूनीवार्ता को बताया कि आतंकवादियों ने लाल चौक के पास स्थित ऐतिहासिक घंटाघर पर तैनात सुरक्षा बलों के जवानों पर दोपहर बाद करीब 1:55 बजे ग्रेनेड फेंका। ग्रेनेड फेंकने में आतंकवादियों का निशाना चूक गया और ग्रेनेड एक नागरिक की कार के नीचे जाकर फटा। इससे कार और आसपास के दुकानों को नुकसान हुआ है।
 
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ग्रेनेड फटने के बाद इलाके में भगदड़ मच गयी और इसकी आड़ लेकर आतंकवादी मौके से फरार हो गए। दक्षिणी कश्मीर जिले के शोपियां में आतंकवादियों ने शुक्रवार दोपहर को राज्य पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) के शिविर पर ग्रेनेड फेंका। यहां भी ग्रेनेड निशाने पर नहीं फटा और शिविर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और कोई घायल भी नहीं हुआ।
 
श्रीनगर और शोपियां में ग्रेनेड से हमले होने के बाद सुरक्षा बलों के जवानों को मौके पर भेजा गया है। हमलावरों की तलाश के लिये आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को श्रीनगर के जीरो पुल के पास ग्रेनेड फेंकने की घटना हुई थी जिसके बाद खुफिया रिपोर्टों में गणतंत्र दिवस से पहले ऐसे ही और हमलों की चेतावनी दी गयी थी।
जीरो ब्रिज के पास ग्रेनेड हमले में एक सहायक उप निरीक्षक, एक हेड कॉन्सटेबल और एक कांस्टेबल घायल हो गये थे। इस हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। ग्यारह जनवरी को आतंकवादियों ने श्रीनगर के लाल चौक पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की चौकी पर ग्रेनेड फेंका था। उस हमले में भी कोई घायल नहीं हुआ था।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »