नई दिल्ली। भारतीय साइक्लिस्टों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को अंतिम दिन इंदिरा गांधी स्टेडियम कॉम्प्लेक्स स्थित साइक्लिंग वेलोड्रोम में छह स्वर्ण सहित 13 पदक जीतकर ट्रैक एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। मेजबान भारत ने छह स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि इंडोनेशिया चार स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा। हांगकांग ने चार स्वर्ण और दो कांस्य पदक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय ओलम्पिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया।
अंतिम दिन का फाइनल पुरुष जूनियर 200 मीटर स्प्रिंट था जिसमें भारत के उभरते स्टार एस्को एल्बेन ने कजाकिस्तान के दिमित्री रेजानोव को कड़े संघर्ष में हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। एस्को ने 10.500 सेकंड का समय लिया। रेजानोव ने 10.863 सेकंड का समय लेकर रजत जीता। भारत के जेम्स सिंह ने 11.132 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता।
भारत ने दिन का दूसरा स्वर्ण महिला जूनियर 200 मीटर स्प्रिंट में जीता। महाराष्ट्र की मयूरी लूटे ने 12.263 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण अपने नाम किया। थाईलैंड ने रजत और कजाकिस्तान ने कांस्य पदक जीता। मयूरी का यह दूसरा स्वर्ण था। महिला एलीट किरिन फाइनल में भारत की सोनाली चानू मामूली अंतर से कांस्य पदक जीतने से चूक गयीं।
इस स्पर्धा का स्वर्ण हांगकांग, रजत इंडोनेशिया और कांस्य मलेशिया ने जीता। भारतीय स्टार देबोराह इस स्पर्धा में छठे स्थान पर रहीं। पुरुष एलीट किरिन फाइनल में भारतीय साइक्लिस्ट चौथे और पांचवें स्थान पर रहे। साइंिक्लग अकादमी सैनका के अमरजीत सिंह नेगी ने कांस्य पदक जीता। कजाकिस्तान ने स्वर्ण और इंडोनेशिया ने रजत जीता।