29 Mar 2024, 04:40:56 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

कॉमनवेल्थ गेम्‍स : हीना सिद्धू पर चढ़ा सोने का रंग

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 10 2018 2:30PM | Updated Date: Apr 10 2018 2:31PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

गोल्ड कोस्ट। भारत की अनुभवी निशानेबाज हीना सिद्धू ने मंगलवार को यहां 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेल रिकाॅर्ड बनाने के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया जबकि ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए पुरूषों की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में सातवें स्थान पर रहे।
 
हीना का राष्ट्रमंडल खेलों में यह पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है और इन खेलों का दूसरा पदक है। 28 साल की हीना ने एक दिन पहले 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था। हीना का राष्ट्रमंडल खेलों में यह कुल चौथा पदक भी है। उन्होंने 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण और व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत जीता था।
 
भारतीय निशानेबाज ने फाइनल में राष्ट्रमंडल खेलों का रिकाॅर्ड बनाते हुये 38 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। वह आॅस्ट्रेलिया की एलीना गालियाबोविच से तीन अंक आगे रहीं जिन्हें 35 अंकों के साथ रजत पदक मिला। मलेशिया की आलिया सजाना अजाही ने 26 अंकों के साथ कांस्य जीता।
 
भारत ने निशानेबाजी में अब तक आठ पदक जीते हैं जिसमें जीतू राय, मनु भाकर, हीना सिद्धू के स्वर्ण पदक शामिल हैं। दिन की अन्य स्पर्धा 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा के फाइनल में गगन सातवें और चैन सिंह चौथे स्थान परर रहे। हीना की स्पर्धा में अनु सिंह को छठा स्थान मिला।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »