नई दिल्ली। भारत के पुरुष और महिला एथलीटों ने भूटान के थिम्पू में आयोजित दक्षिण एशियाई क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में मंगलवार को स्वर्ण पदक जीत लिए। पुरुष 10 किमी दौड़ में भारत के प्रदीप चौधरी ने 33:52.20 के समय में स्वर्ण जीता जबकि शंकर मान थापा ने 34:01.64 के समय में रजत और श्रीलंका के डॉन लिओनल ने 34:15.47 का समय लेकर कांस्य जीता। महिला वर्ग में 8 किमी दौड़ में संजीवनी जाधव ने 32:00.64 का समय लेकर स्वर्ण अपने नाम किया। नेपाल की बिश्वरूपा (32:18.47) को रजत और श्रीलंका की उदा रत्नायके (32:28.75) को कांस्य पदक मिला।