29 Mar 2024, 12:49:37 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

प्रो कबड्डी की ईनामी राशि में भारी बढ़ोतरी, अब जीतने वाले को 2 नहीं 6 करोड़ मिलेंगे

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 15 2017 4:31PM | Updated Date: Jul 15 2017 4:31PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। देश में कबड्डी की बढ़ती लोकप्रियता का असर अब दिखने लगा है जहां 28 जुलाई से शुरू होने जा रही प्रो कबड्डी लीग के पांचवें संस्करण के लिए इस बार ईनामी राशि में बंपर बढ़ोतरी की गई है जो पिछले सत्र के दो करोड़ की तुलना में अब आठ करोड़ रूपए हो गई है।
कबड्डी लीग के चौथे संस्करण में जहां टूर्नामेंट की ईनामी राशि दो करोड़ रूपए थी उसमें इस वर्ष पांचवें सत्र के लिए सीधे छह करोड़ रूपए बढ़ाते हुए आठ करोड़ रूपए कर दिया गया है। लीग का पांचवां संस्करण 28 जुलाई से हैदराबाद में शुरू होगा। 
 
चीनी मोबाइल कंपनी वीवो कबड्डी लीग की मुख्य प्रायोजक है जिसने गत मई में ही अगले पांच वर्षो के लिए लीग के साथ करार किया है जो करीब 300 करोड़ रूपए का है। कबड्डी लीग में इस बार 12 टीमें उतरेंगी जो 138 मैच खेलेंगी। विजेता टीम को तीन करोड़ रूपए की ईनामी राशि मिलेगी जबकि उपविजेता टीम को एक करोड़ 80 लाख रूपए का ईनाम मिलेगा। 
 
तीसरे पायदान पर रहने वाली टीम को एक करोड़ 20 लाख रूपए का ईनाम मिलेगा। चौथे पायदान पर रहने वाली टीम को 80 लाख रूपए जबकि पांचवें और छठे पायदान की टीमों को 35-35 लाख रूपए का ईनाम मिलेगा। लीग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के ईनाम में भी इस बार इजाफा किया गया है जिसे अब 15 लाख रूपए कर दिया गया है। गत सत्र यह ईनाम अनुप कुमार और मंजीत चिल्लर को दिया गया था।
 
अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ रेडर को 10 लाख रूपए, सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर को 10 लाख और सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी को आठ लाख रूपए का ईनाम मिलेगा। सर्वश्रेष्ठ महिला और पुरूष रेफरी को साढ़े तीन लाख रूपए के व्यक्तिगत नगद पुरस्कार मिलेंगे।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »