28 Mar 2024, 21:51:55 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

51 साल के मुकेश ने जीता पहला एशियन टूर खिताब, रचा इतिहास

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 5 2016 11:51AM | Updated Date: Dec 5 2016 11:51AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। महू के अनुभवी गोल्फर मुकेश कुमार ने 51 वर्ष के उम्र में इतिहास रचते हुए दिल्ली गोल्फ क्लब में रविवार को 4 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि वाले छठे पैनासोनिक ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में खिताब जीत लिया। यह मुकेश का पहला एशियन टूर खिताब है।
 
घरेलू भारतीय सर्किट में 120 से ज्यादा खिताब जीत चुके मुकेश ने 51 साल की उम्र में जाकर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय और एशियन टूर खिताब हासिल करने में सफलता पाई। मुकेश ने तीसरे और अंतिम राउंड में दो अंडर 70 का कार्ड खेला और कुल 10 अंडर 206 के स्कोर के साथ खिताब अपने नाम कर लिया। मुकेश ने एक शॉट के अंतर से जीत हासिल की। मुकेश को इस जीत से 72 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि मिली।
 
रंधावा और राशिद संयुक्त दूसरे स्थान पर
भारत के ज्योति रंधावा और राशिद खान नौ अंडर 207 के स्कोर के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे। रंधावा और राशिद दोनों ने आखिरी राउंड में चार अंडर 68 का कार्ड खेला। रंधावा और राशिद दोनों को एक समान 34600 डॉलर मिले। 
 
सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
- 51 साल की उम्र में यह खिताब जीतकर मुकेश एशियन टूर में कोई खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही मुकेश कोई अंतरराष्ट्रीय खिताब जीतने वाले 22वें भारतीय भी बने।
- मौजूदा एशियन टूर सत्र में भारत के लिए मुकेश ने पांचवां खिताब जीता। इस सत्र में गगनजीत भुल्लर और एसएसपी चौरसिया दो-दो खिताब जीत चुके हैं।
 
32 वर्ष इंतजार किया
मुझे खुद पर बहुत गर्व है। मैंने प्रोफेशनल बनने के बाद से अपने पहले अंतरराष्ट्रीय खिताब के लिए 32 साल का लंबा इतजार किया। यह मेरी पहली अंतरराष्ट्रीय जीत है और घरेलू सर्किट में 123 खिताबों से अलग है। मैं इसे अपने लिए शानदार उपलब्धि मानता हूं। मैं अगले वर्ष एशियन टूर में खेलूंगा क्योंकि मैंने एशियन टूर का कार्ड हासिल कर लिया है।
- मुकेश कुमार
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »