देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया में पांच दिवसीय 65 वीं राष्ट्रीय विद्यालयी बालक/बालिका खो-खो चैम्पियनशिप के फाइनल में आज बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को और बालक वर्ग में महाराष्ट्र ने उत्तर प्रदेश को हराकर विजेता बने। मुख्य अतिथि सांसद रमापति राम त्रिपाठी, जिलाधिकारी अमित किशोर, पुलिस अधीक्षक डा श्रीपति मिश्र एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक योगेंद्र नाथ सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मैडल एवं शील्ड प्रदान की।
बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक के बीच खेला गया जिसमे उत्तर प्रदेश की लडकियों ने शानदार खेल के दम पर 8-5 से खिताब को अपने नाम किया। बालक वर्ग का फाइनल मैच उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के के बीच खेला गया। जिसमे महाराष्ट्र ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए मेजबान उत्तर प्रदेश को 13-9 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश को रजत पदक एवं गुजरात को कांस्य पदक और बालिका वर्ग में कर्नाटक को रजत पदक एवं महाराष्ट्र को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।