नई दिल्ली। कच्चे तेल में आई हालिया तेजी के बाद से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। इस सप्ताह अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल करीब चार डॉलर महंगा हो गया है, हालांकि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार जंग गहराने की आशंका से वैश्विक बाजार में शुक्रवार कच्चे तेल की तेजी थम गई। मगर, जानकार बताते हैं मांग और पूर्ति के बदलते परिदृश्य में बहरहाल तेल की महंगाई से निजात मिलने की संभावना नहीं दिख रही है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में शुक्रवार को फिर पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई। दिल्ली में पेट्रोल के दामों में 22 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दामों में 28 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़त के बाद शुक्रवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 78.52 प्रति/लीटर तो वहीं डीजल की कीमत 70.21 प्रति लीटर हो गई है। जो अब तक का सबसे ऊंचा रिकॉर्ड है।
दिल्ली में इससे पहले 28 अगस्त को डीजल की कीमत 69.61 रुपए प्रति लीटर के हाई लेवल पर पहुंच गई थी। वहीं मुंबई में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है। मुंबई में पेट्रोल 21 पैसे की बढ़त के साथ 85.93 रुपए प्रति लीटर तो वहीं डीजल में 30 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 74.54 प्रति लीटर रुपए पहुंच गया है।