नई दिल्ली। सुस्त घरेलू मांग के बीच वैश्विक स्तर पर पीली धातु में बढ़त के कारण सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना तीन दिन की गिरावट से उबरता हुआ 50 रुपए की मजबूती के साथ 31,650 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी पर दबाव रहा और यह 50 रुपए की गिरावट के साथ एक महीने के निचले स्तर 40,450 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में भी सोने में मामूली तेजी रही। सोना हाजिर 0.90 डॉलर चढ़कर 1,294.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा 0.50 डॉलर फिसलकर 1,298.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया। सोने पर दो विपरीत कारकों का प्रभाव रहा और इसलिए इसमें कोई ज्यादा बदलाव नहीं हुआ। एक ओर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की इस महीने होने वाली बैठक में ब्याज दरों में वृद्धि की संभावना से इस पर दबाव है जो दूसरी ओर व्यापार युद्ध की चिंता में निवेशक सुरक्षित धातु का रुख कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी में तेजी रही। चांदी हाजिर 0.07 डॉलर की मजबूती के साथ 16.44 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।
स्थानीय बाजार में गत तीन दिनों की गिरावट से उबरने में सोना कामयाब रहा। सोना स्टैंडर्ड 50 रुपये चढ़कर 31,650 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 31,500 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर स्थिर रही।
सोने के विपरीत चांदी में लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। चांदी हाजिर 50 रुपए फिसलकर 40,450 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी जो 04 मई के बाद का निचला स्तर है। चाँदी वायदा भी 45 रुपये टूटकर 39,495 रुपये प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 76 हजार और 77 हजार रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के दाम (रुपए में):-
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,650
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,500
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 40,450
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 39,495
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :77,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800