नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही गिरावट के बीच ऊंची कीमत पर जेवराती खरीदारी कमजोर पड़ने से सोमवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 140 रुपए लुढ़ककर 32,310 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। औद्योगिक ग्राहकी सुस्त पड़ने से चांदी भी 150 रुपए की गिरावट लेकर 41,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचने से पीली धातु पर दबाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लंदन में सोना हाजिर 5.55 डॉलर की गिरावट में 1,330.15 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी 6.1 डॉलर लुढ़ककर 1,332.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी भी 0.10 डॉलर की गिरावट के साथ 16.98 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
कारोबारियों ने बताया कि घरेलू बाजार में वैश्विक दबाव और सोने की ऊंची कीमत के कारण खुदरा जेवराती मांग सुस्त पड़ गयी है जिससे सोने के भाव लुढ़क गये हैं। स्थानीय बाजार में जेवराती मांग कम होने से सोना स्टैंडर्ड 140 रुपए की गिरावट में 32,310 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 32,160 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी हालांकि 24,900 रुपए पर अपरिवर्तित रही।
औद्योगिक मांग कमजोर पड़ने से चांदी हाजिर 150 रुपए फिसलकर 41,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गयी। चांदी वायदा भी 70 रुपए लुढ़ककर 40,300 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 76 हजार और 77 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के दाम (रुपए में):-
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,310
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,160
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 41,350
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 40,300
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 76,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :77,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,900