नई दिल्ली। वैवाहिक मांग आने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना लगातार पांचवें दिन चढ़ता हुआ गुरुवार को 300 रुपए की मजबूती के साथ 32,150 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया जो कम से कम तीन साल का उच्चतम स्तर है। चांदी भी 240 रुपए चढ़कर 06 फरवरी के बाद के उच्चतम स्तर पर 40 हजार रुपए प्रति किलोग्राम बिकी। इसमें भी लगातार पांचवें कारोबारी दिवस तेजी रही है। शादी-विवाह के मौसम के मद्देनजर जेवराती मांग के साथ विदेशों में गत दिवस पीली धातु के 1,365 डॉलर प्रति औंस के स्तर को छूने के कारण भी गुरुवार को स्थानीय बाजार में इसे समर्थन मिला। वैश्विक स्तर पर बुधवार को सोना एक समय 1,365.23 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था। हालाँकि, बाद में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक के विवरण जारी होने से यह दबाव में आ गया।
विवरण से इस साल ब्याज दरों में ज्यादा तेजी से बढ़ोतरी के संकेत मिले हैं। विदेशी बाजारों में चार दिन की तेजी के बाद पीली धातु में आज गिरावट रही। सोना हाजिर 6.30 डॉलर लुढ़ककर 1,346.50 डॉलर प्रति औंस पर रहा। जून का अमेरिका सोना वायदा 8.20 डॉलर टूटकर 1,351.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चाँदी हाजिर 0.07 डॉलर फिसलकर 16.57 डॉलर प्रति औंस बिका। स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 300 रुपए की बढ़त में 32,150 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 32,000 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 100 रुपए की तेजी के साथ 24,900 रुपए के भाव बिकी। चांदी की जेवराती के साथ औद्योगिक मांग भी आने से चांदी हाजिर 240 रुपए की मजबूती के साथ 40 हजार रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुँच गयी। चाँदी वायदा 230 रुपए चमककर 39,010 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार रुपए की बढ़त में क्रमश: 75 हजार और 76 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर रहे।
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के दाम (रुपए में):-
सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 32,150
सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 32,000
चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 40,000
चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 39,010
सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 75,000
सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :76,000
गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,900