25 Apr 2024, 21:26:17 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

शिर्डी से एक महीने में शुरू हो जाएगी विमान सेवा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 14 2017 2:58PM | Updated Date: Jul 14 2017 2:58PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थल शिर्डी से विमान सेवा एक महीने के भीतर शुरू हो जाने की उम्मीद है। इससे मुंबई से शिर्डी महज 40 मिनट में पहुंचना संभव हो जाएगा। 
 
राज्य की पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की मुख्य सचिव वल्सा नायर ने बताया कि शिर्डी में रनवे और एटीसी टावर बिल्कुल तैयार है तथा एक महीने के अंदर वहाँ से विमानों का परिचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा है कि 2,500 मीटर का रनवे और एटीसी टावर बनकर तैयार है। तकरीबन 15 दिन में वाणिज्यि विमान सेवा शुरू करने के लिए नागर विमानन महानिदेशालय से मंजूरी मिलने की उम्मीद है और एक महीने के अंदर हम परिचालन शुरू कर देंगे। विमान सेवा जुलाई के अंत या अगस्त के आरंभ में शुरू होने की उम्मीद है। 
 
शिर्डी महाराष्ट्र का सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यहाँ हर महीने लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। शहर से 14 किलोमीटर दूर स्थित हवाई अड्डे का निर्माण कार्य वर्ष 2009 में जमीन अधिग्रहण के साथ शुरू हुआ था। हवाई अड्डा 400 हेक्टेयर में फैला है और महाराष्ट्र सरकार की परियोजना का हिस्सा है। इसका संचालन महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी करेगी। 
 
विमान सेवा शुरू होने के बाद मुंबई से शिरडी मात्र 40 मिनट में पहुँचा जा सकेगा। दोनों शहरों की दूरी 238 किलोमीटर है और सड़क मार्ग से जाने में पाँच से छह घंटे का समय लगता है। 
 
महाराष्ट्र सरकार ने नागर विमानन मंत्रालय से अनुरोध किया था कि इस हवाई अड्डे को क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) से बाहर रखा जाना चाहिये क्योंकि ऐसा करने से यहाँ से सप्ताह में दो से ज्यादा उड़ानों का संचालन नहीं हो पायेगा। उसका तर्क है कि शिर्डी में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुये इस हवाई अड्डे से बड़ी संख्या में उड़ानों का संचालन संभव है। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »