नई दिल्ली। भारतीय निर्यातक महासंघ (फियो) ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर उथल पुथल के साथ साथ घरेलू बाजार में तरलता का संकट निर्यातकों समेत सभी कारोबारियों के एक चुनौती बना हुआ है। फियो के अध्यक्ष शरद कुमार सराफ ने नवंबर 2019 के विदेश व्यापार के आंकड़ों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नवंबर 2019 में विदेश कारोबार में मामूली गिरावट हुई है लेकिन निर्यातकों के लिए घरेलू बाजार में तरलता का संकट बना हुआ है।
वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थितियां भी भारतीय उत्पादों के अनुकूल नहीं है। इससे भारतीय निर्यात में गिरावट का रुख बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कुछ देशों ने संरक्षणवादी उपाय किये है जिससे अंतर्राष्ट्रीय बाजार प्रभावित हो रहा है। घरेलू स्तर पर निर्यातकों का रिफंड पिछले चार महीने से लंबित है। इससे पूंजी का संकट हो गया है और नये आर्डर को पूरा नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा वस्तु एवं सेवाकर का रिफंड भी समस्या है।