नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में मांग गिरने के कारण नवंबर 2019 में भारतीय निर्यात 0.34 प्रतिशत घटकर 25.98 अरब डालर रह गया है जबकि नवंबर 2018 में यह आंकडा 26.07 अरब डालर रहा था। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के शुक्रवार को यहां जारी आंकड़ों में बताया गया कि चालू वित्त वर्ष में अभी तक निर्यात 1.99 प्रतिशत गिरकर 211.93 अरब डालर दर्ज किया गया है जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में कुल निर्यात 216.23 अरब डालर रहा था।
नवंबर 2019 में आयात 12.71 प्रतिशत घटकर 38.11 अरब डालर रहा है जबकि नवंबर 2018 में यह आंकडा 43.66 अरब डालर था। अप्रैल से नवंबर 2019 की अवधि में कल आयात 8.91 प्रतिशत गिरकर 318.78 अरब डालर रहा है। अप्रैल से नवंबर 2018 की अवधि में कुल आयात 349.96 अरब डालर दर्ज किया गया था। अप्रैल से नवंबर 2019 की अवधि में वस्तु एवं सेवा का मिश्रित निर्यात 1.6 प्रतिशत बढ़कर 353.96 अरब डालर हो गया है। चालू वित्त वर्ष में अभी तक वस्तु एवं सेवा का कुल निर्यात 5.30 प्रतिशत घटकर 408.02 अरब डालर दर्ज किया गया है।
आंकडों के अनुसार नवंबर 2019 में व्यापार घाटा 12.12 अरब डालर रहा है जबकि नवंबर 2018 में यह आंकडा 17.58 अरब डालर दर्ज किया गया है। चालू वित्त वर्ष में नवंबर तक समग्र व्यापार घाटा 54.06 अरब डालर रहा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकडा 82.47 अरब डालर दर्ज किया गया है। नवंबर 2019 में इलेक्ट्रोनिक उत्पादों का निर्यात 46.13 प्रतिशत, दवा एवं फार्मा का 20.60 प्रतिशत, समुद्री उत्पाद का 9.03 प्रतिशत, इंजीनियंिरग उत्पाद का 6.32 प्रतिशत और जैविक एवं अजैविक उत्पाद का 2.55 प्रतिशत बढ़ा है। इसी अवधि में परिवहन उपकरण का आयात 48.53 प्रतिशत, कोयला आदि का 23.21 प्रतिशत, जैविक एवं अजैविक उत्पाद 21.07 प्रतिशत, पेट्रोलियम एवं कच्चा तेल 18.17 प्रतिशत और इलेक्ट्रोनिक उत्पाद का 3.98 प्रतिशत घटा है।