नई दिल्ली। त्रिची से दुबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट रनवे से टेकऑफ करने के बाद एयरपोर्ट कंपाउंड में मौजूद इमारतों से टकरा गई। इस विमान में 136 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि विमान टेक ऑफ करते समय टेक ऑफ व्हील कई इमारतों से टकराया। यह फ्लाइट बाद में मुंबई में सुरक्षित लैंड कर गई। ये हादसा गुरुवार का है। विमान के मुंबई में उतरने के बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने घटना की समीक्षा की।
विमान प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि विमान के साथ हुए इस हादसे के बाद इसका रूट बदलकर इसे मुंबई में लैंड करवाया गया ताकि विमान की जांच की जा सके। जानकारी के मुताबिक इस टक्कर के साथ विमान के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचा है। दरअसल, यह विमान टेक ऑफ करते समय त्रिची एयरपोर्ट के कंपाउंड में कई दीवारों से टकराया। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि इससे त्रिची एयरपोर्ट की दीवारें भी टूट गईं।
जानकारी के मुताबिक टेकऑफ करते समय एअर इंडिया का यह विमान रनवे और एयर ट्रैफिक लेवल की कई दीवारों से टकराया। घटना के बाद तमिलनाडु के पर्यटन मंत्री वेलामांडी एन एनटराजन भी घटनास्थल पर गए। उन्होंने कहा, दुबई जा रही फ्लाइट का टेक ऑफ व्हील कई दीवारों से टकरा गया। विमान में सवार लोग सुरक्षित मुंबई पहुंच गए हैं। यहां पर एयरपोर्ट के अधिकारी मामले की समीक्षा कर रहे हैं। एयरपोर्ट को सुचारू रूप से संचालिन करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस मामले की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अगर टक्कर से विमान के टेक ऑफ व्हील को नुकसान पहुंचता या यह दोबारा से खुल नहीं पाता तो इसकी लैंडिंग के समय परेशानी हो सकती थी। ऐसी परिस्थितियों में विमान को समुद्र में भी उतारा जाता है। हाल ही में ऐसी ही एक और घटना का पता चला था जब जब एक विमान का टेक ऑफ व्हील नहीं खुल सका था और विमान का लैंडिंग सिस्टम भी फेल हो गया था। इसके बावजूद पायलट ने अपनी सूझबूझ से विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया था।