वाशिंगटन। अमेरिका में रहने वाली एक 29 वर्षीय रूसी महिला को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मारिया बुटीना नामक इस महिला पर अमेरिकी नागरिकों के साथ संबंध विकसित कर रूसी सरकार के एजेंट के तौर पर काम करने तथा राजनीतिक समूहों में घुसपैठ की साजिश रचने के भी आरोप हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने एक वक्तव्य जारी कर इस बात की जानकारी दी। अमेरिकी विश्वविद्यालय की छात्रा मारिया बुटीना बंदूक रखने के अधिकारों की वकालत करने वाले एक रूसी संगठन की संस्थापक भी हैं।
मारिया पर रूसी सेंट्रल बैंक के एक उच्चस्तरीय अधिकारी के निर्देश पर काम करने के आरोप हैं। मारिया वाशिंगटन में रहती हैं, उसे रविवार को गिरफ्तार किया गया था। न्याय विभाग की ओर से जारी वक्तव्य के मुताबिक बुधवार को इस मामले की सुनवाई होने तक वह जेल में रहेंगी।
मारिया के फेसबुक अकाउंट से मिले सुराग
मारिया बुटीना के फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट की गयी तस्वीरों के मुताबिक उसने नेशनल राइफल एसोसिएशन की ओर से प्रायोजित कार्यक्रमों में भी भाग लिया। कई तस्वीरों में मारिया रूसी सेंट्रल बैंक के उपाध्यक्ष एलेक्जेंडर टोर्शिन के साथ भी दिख रही हैं। मारिया एलेक्जेंडर टोर्शिन के लिए काम कर चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी वित्त विभाग ने अप्रैल में टोर्शिन पर प्रतिबंध लगा दिया था।
मारिया बुटीना के खिलाफ दर्ज शिकायत के अनुसार उसने दो अमेरिकी नागरिकों के अलावा एक रूसी अधिकारी के साथ मिलकर अमेरिकी राजनीति को प्रभावित करने के प्रयास किए। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक मारिया ने हथियार रखने का प्रचार करने वाले एक संगठन से नजदीकी बढ़ाने की कोशिश की थी। मारिया ने अमेरिका में महत्वपूर्ण राष्ट्रीय निर्णय लेने वाले संगठनों में रूसी संघ के हितों को बढ़ाने के लिए अमेरिकी राजनेताओं से मजबूत संबंध बनाने की भी कोशिश की।