नई दिल्ली। हिंद महासागर में मंगलवार को जब चीन के तीन युद्धपोत दिखाई दिए तो भारतीय नौसेना ने इस गतिविधि का विरोध बेहद ही व्यंग्यात्मक अंदाज में किया। भारतीय नौसेना ने चीनी युद्धपोतों को देखकर ट्वीट किया कि पीएलए-नेवी की 29वीं एंटी-पाइरेसी एस्कॉर्ट फोर्स का हिंद महासागर के इलाके में स्वागत है, हैपी हंटिंग। यद्यपि यह एक साधारण ट्वीट ही था, लेकिन इससे चीन को एक बड़ा संदेश दिया गया है, क्योंकि पिछले कुछ समय से वह लगातार हिंद महासागर में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
चीन का कहना है कि उसने अपने युद्धपोतों को पाइरेसी को देखते हुए तैनात किया है और उसका लक्ष्य हिंद महासागर क्षेत्र में अध्ययन के लिए बेस तैयार करना है। भारतीय नौसेना ने इस स्वागत ट्वीट के बाद युद्धपोतों की तैनाती का नक्शा जारी करते हुए एक और ट्वीट किया। इसमें लिखा, फारस की खाड़ी से मलक्का स्ट्रेट तक, उत्तर में बंगाल की खाड़ी से दक्षिणी हिंद महासागर तक और अफ्रीका के पूर्वी छोर तक हम 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं और अपने इलाके को हर समय, हर तरह से सुरक्षित रखने के लिए सक्षम हैं।