नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 39वें स्थापना दिवस के मौके पर देश के पांच लोकसभा क्षेत्रों के हजारों बूथ कार्यकर्ताओं सहित 734 भाजपा जिलाध्यक्षों एवं उनकी सम्बंधित टीम के साथ 'नरेन्द्र मोदी एप' के माध्यम ( वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) से शुकऱवार शाम सीधा संवाद करेंगे एवं विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। पार्टी ने यहां बताया कि कि मोदी नयी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद मीनाक्षी लेखी, उत्तर पूर्व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, उत्तर-मध्य मुंबई की सांसद पूनम महाजन, हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर और बिहार के सारण क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रूड़ी के क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मोदी एप के माध्यम से वार्तालाप करेंगे। मोदी कार्यकर्ताओं के साथ इस वार्ता के दौरान उनके विचार भी सुनेंगे और केंद्र की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को भी उनके साथ साझा करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं के सवालों के उत्तर भी देंगे। पार्टी के अनुसार मोदी का मानना है कि संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने के लिए टेक्नोलॉजी का उपयोग और बूथ-स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करना, प्रत्येक कार्यकर्ता के महत्त्व को भी बढ़ाएगा।
पार्टी ने कहा कि उसे 11 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनने पर गौरव है। भाजपा ने अपनी स्थापना से लेकर आज तक कार्यकर्ताओं के सम्मान की संस्कृति, आदर्शों और परम्पराओं को संवर्द्धित किया है जहां कार्यकर्ता कभी भी शीर्ष नेतृत्व के साथ अपने मन की बात साझा कर सकते हैं। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से सीधे संवाद को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।