जोहांसबर्ग। ब्रिटेन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट दक्षिण अफ्रीका में बड़े हमलों को अंजाम दे सकता है। ब्रिटेन ने यह चेतावनी दक्षिण अफ्रीका में उसके दो नागरिकों के अपहरण के बाद दी है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका ने अफ्रीकी नागरिकों के अपहरण की घटना के पीछे आंतकवादियों का हाथ होने का कोई भी सुबूत मिलने से इंकार किया है।
ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर मिले इनपुट के आधार पर दक्षिण अफ्रीका में हमले की चेतावनी जारी की है। ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने कहा, "हाल में हुई घटनाओं के बाद अपनी यात्रा सलाह में कुछ सुधार किये हैं।" अपहरण का जिक्र करते हुए करते हुए कहा, "हमारी यात्रा सलाह में कहा गया है कि हमारा आकलन है कि आतंकवादी दक्षिण अफ्रीका में हमले का प्रयास कर सकते हैं।" विदेश मंत्रालय ने दक्षिण अफ्रीका में हुए इस अपहरण से जुड़ी अन्य कोई जानकारी साझा नहीं की है।
दक्षिण अफ्रीका की पुलिस ने कहा है कि वह 12 फरवरी को हुए इस अपहरण की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता लियोड रामोवहा ने कहा ब्रिटेन दंपति के अपहरण के मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। ब्रिटेन के दंपति को अफ्रीका के क्वाजुलु-नटाल प्रांत के एक छोटे से कस्बे से अगवा किया गया था। यह दंपति 70 के दशक में दक्षिण अफ्रीका में आकर बस गया था और इनके पास ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका दोनों देशों की नागरिकता है।