20 Apr 2024, 18:42:26 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

डीडीसीए मामला : कीर्ति आजाद को भाजपा ने किया सस्‍पेंड, शत्रु ने बताया हीरो

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 23 2015 7:28PM | Updated Date: Dec 23 2015 7:31PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली। भाजपा सांसद कीर्ति आजाद को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी से निलंबित कर दिया है। भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कीर्ति आजाद के खिलाफ यह कार्रवाई पार्टी लाइन से अलग जाकर वित्त मंत्री अरुण जेटली पर हमला करने के लिये की गई है।

आज ही संसद का शीतकालीन सत्र खत्म हुआ है और इस बात की संभावना पहले से ही जताई जा रही थी कि भाजपा नेतृत्व कीर्ति आजाद को कारण बताओं नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांग सकती है।

शत्रुघ्न ने कीर्ति की तारीफ की

भाजपा सांसद एवं फिल्म स्टार शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर अप्रत्यक्ष रूप से वित्त मंत्री अरुण जेटली पर हमला बोला है। इस बार उन्होंने कीर्ति आजाद की पीठ थपथपाते हुए जेटली पर निशाना साधा है। शॉटगन ने ट्वीट कर कहा, कीर्ति आजाद आज के हीरो हैं। अपने मित्रों से अनुरोध करता हूं, प्रतिक्रिया की परवाह मत कीजिए। उनका साथ दीजिए जो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं। बहुत दुख होता है ये कहते हुए कि जिस पार्टी की अपनी अलग पहचान थी आज वह मतभेदों की पार्टी हो गई है।

मतभेदों वाली पार्टी बन गई है बीजेपी
शत्रुघ्न सिन्हा ने कीर्ति आजाद का समर्थन करते हुए कहा कि वित्त मंत्री अरुण जेटली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह के अनुरूप पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का अनुसरण करना चाहिए जिन्होंने हवाला मामले में इस्तीफा दे दिया था और बेदाग निकले थे। अनेक मुद्दों को लेकर बीजेपी नेतृत्व की आलोचनाएं करते रहे सिन्हा ने इस मामले में भी निशाना साधते हुए कहा, अलग तरह की पार्टी मतभेदों वाली पार्टी बन गयी है।'

आजाद ने जारी किया था वीडियो
20 दिसंबर को कीर्ति आजाद ने 28 मिनट का एक वीडियो जारी करके दावा किया था कि डीडीसीए में भारी आर्थिक हेरफेर के लिए अरुण जेटली जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि जेटली के नेतृत्व में जिन 14 कंपनियों को कॉन्ट्रैक्ट दिए गए, वो फर्जी डॉक्यूमेंट्स के जरिए रजिस्टर कराई गई थीं।

जेटली ने किया है मानहानि का दावा
डीडीसीए में घोटाले के आरोप में घिरे अरुण जेटली ने केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के छह नेताओं के खिलाफ मानहानि और आपराधिक मानहानि का केस किया है। उन्होंने मुआवजे के तौर पर 10 करोड़ की मांग की है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »