मनीला। जापान के मसतसुगु असाकावा ने शुक्रवार को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अध्यक्ष का कार्यभार संभाला। असाकावा ने एक बयान में कहा कि वह एडीबी का अध्यक्ष बनकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं और एडीबी के 68 सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ एडीबी आधी शताब्दी से अधिक समय से क्षेत्र में एक विश्वसनीय सहयोगी रहा है और विकास को बढ़ावा दे रहा है जिससे एशिया और प्रशांत क्षेत्र में लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
मैं यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करूंगा कि एडीबी अपने ग्राहकों और सहयोगी देशों का प्रमुख पसंद बना रहे।’’ असाकावा के पदभार संभलने से पहले 16 जनवरी तक एडीबी के अध्यक्ष ताकेहीको नाकाओ थे। असाकावा दसवें अध्यक्ष होंगे। असाकावा आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन (ओइसीडी) से भी जुड़े रहे हैं और उन्होंने 2011 से 2016 तक इसके राजकोषीय मामलों की समिति की अध्यक्षता की थी।