बीजिंग। चीन के दक्षिणी इलाके में यूलिन शहर के पास मंगलवार की सुबह एक रासायनिक संयंत्र में हुए विस्फोट में कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। सरकारी सीसीटीवी ने यह जानकारी दी। आज सुबह गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में यूलिन शहरी के पास स्थित रासायनिक संयंत्र में अचानक विस्फोट हो गया। इस घटना में वहां काम कर रहे कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। घायलों में दो की हालत गंभीर है।
सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। हाल के वर्षों में चीन में औद्योगिक हादसों की कई वारदातें हो चुकी हैं जिनमें मंगलवार का विस्फोट भी शामिल है। मार्च में, पूर्वी चीन में एक रासायनिक संयंत्र में हुए एक बड़े विस्फोट में 78 लोग मारे गए थे जिसके बाद अधिकारियों ने पूरे देश भर में सुरक्षा उपायों को बढ़ाने के इंतजाम किये थे। पर विस्फोट की ताजा घटना उन प्रयासों पर पानी फेरता प्रतीत होता है।