मैड्रिड। स्पेन के सुप्रीम कोर्ट ने केटलोनिया को देश से अलग करने की कोशिश से जुड़े मामले में इस क्षेत्र के पूर्व उप राष्ट्रपति ओरियल जनक्वेरस समेत 11 पूर्व नेताओं को सोमवार को 13 साल तक की सजा सुनाई। स्पेन के इस संपन्न पूर्वोत्तर क्षेत्र की आजादी के लिए 2017 में प्रयास किया गया था। इसे 1975 में तानाशाह फ्रांसिस्को फ्रैंको की मौत के बाद लोकतंत्र अपनाने वाले स्पेन के सबसे चर्चित मामलों में गिना जाता है। माना जा रहा है कि शीर्ष अदालत के इस फैसले से केटलोनिया समर्थक फिर भड़क सकते हैं।
सजा पाने वालों में स्पीकर कार्मे फोरकाडेल भी शामिल- अदालत ने केटलन क्षेत्र के पूर्व उप राष्ट्रपति ओरियल जनक्वेरस को देशद्रोह और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों में 13 साल जेल की सजा सुनाई। आठ अन्य नेताओं को भी नौ से 13 साल कैद की सजा दी गई। बाकी तीन नेताओं को कम सजा मिली है। अभियोजकों ने इन लोगों के लिए कड़ी सजा की मांग की थी। सजा पाने वालों में क्षेत्रीय संसद के स्पीकर कार्मे फोरकाडेल भी शामिल हैं। उन्हें साढ़े ग्यारह साल की सजा सुनाई गई। पूर्व कैबिनेट सदस्यों जोकिम फोर्न और जोसेफ रूल को साढ़े दस साल की सजा दी गई।