19 Apr 2024, 04:20:11 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

भारत विभाजन के 72 वर्षों बाद पहली बार भारत पहुंचा नगर कीर्तन

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 13 2019 5:45PM | Updated Date: Oct 13 2019 5:46PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

सिरसा। गुरुनानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव को समर्पित अंतर्राष्ट्रीय नगर कीर्तन ननकाना साहिब पाकिस्तान से शुरु होकर भारत के विभिन्न राज्यों से होता हुआ देर रात यहां पहुंचा। ज्ञातव्य है कि विभाजन के 72 वर्षों बाद पहली बार यह नगर कीर्तन भारत में पहुंचा है। सिरसा के गुरुद्वारा चिल्ला साहिब में पहुंचने पर नगर कीर्तन का श्रद्धालुओं द्वारा फूलों से भव्य स्वागत किया गया। फूलों से सजी पालकी में सुशोभित गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारे कर रहे थे। नगर कीर्तन के आगे-आगे श्रद्धालु झाडू लगाकर सड़कों की सफाई में जुटे हुए थे।
 
सुबह नगर कीर्तन गुरुद्वारा चिल्ला साहिब से शुरु होकर विभिन्न बाजारों से होता हुआ डबवाली के लिए रवाना हुआ। इस दौरान एसजीपीसी के कार्यकारिणी के सदस्य संत बाबा गुरमीत सिंह तिलोकेवाला ने गुरुग्रंथ साहिब महाराज जी के पवित्र स्वरूप की सेवा पालकी साहिब तक सुशोभित की। उसके बाद पांच प्यारों को संत बाबा गुरमीत सिंह ने सिरोपे भेंट किए। गुरुद्वारा चिल्ला साहिब के संचालक बाबा अजीत सिंह कार सेवा वाले ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।
 
देर रात्रि तक श्रद्धालु नगर कीर्तन के स्वागत के लिए सड़कों पर बैठे रहे। जैसे ही नगर कीर्तन सिरसा पहुंचा तो श्रद्धालुओं ने बोले सो निहाल, सत् श्री अकाल, वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह के नारों से आसमान को गुंजायमान कर दिया। नगर कीर्तन को देखने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। नगर कीर्तन को लेकर शहर पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बाजारों में जगह-जगह नगर कीर्तन के लिए स्वागती द्वार बनाए गए थे।
 
नगर कीर्तन जहां से भी गुजरा शहरवासियों ने फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया। नगर कीर्तन दौरान रागी जत्थों ने गुरुओं की वाणी का गुणगान करके संगतों को निहाल किया। इस दौरान बाबा प्रीतम सिंह मलड़ी, जगसीर सिंह मैम्बर एसजीपीसी, प्रकाश सिंह साहुवाला, मलकीत सिंह  देसूमलकाना, रेशम सिंह, उत्तम सिंह के अलावा सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »