टोक्यो। जापान में बेहद शक्तिशाली तूफान ‘हगिबिस’ ने शनिवार को दस्तक दी जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी और 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हगिबिस के दौरान दो सौ 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और देश के कई इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन भी हुआ है। जापान सरकार ने हगिबिस से निपटने के लिए पुख्ता व्यवस्था की है और काफी पहले एडवाइजरी जारी कर दी गयी थी। तूफान को लेकर पूरा देश ‘हाई अलर्ट’ पर है, लेकिन टोक्यो और छह प्रांतों में सबसे बड़े स्तर का अलर्ट जारी किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार तूफान स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ इजु प्रायद्वीप में पहुंचा। राजधानी टोक्यो के नजदीक चिबा प्रांत में तूफान की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी । उसका शव एक पलटी हुयी कार से बरामद किया गया। तूफान के कारण देश भर में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कई मकान धाराशायी हो गये और एहतियातन बिजली काटने से लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है।
हगिबिस को जापान में अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान माना जा रहा है। इससे देश के प्रमुख द्वीप होंशू में भूस्खलन की आशंका जताई जा रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार,‘‘होंशू द्वीप के शहर चिबा में हगिबिस का कहर जारी है। तेज हवाओं के कारण कई घरों की छतें उड़ गयी जिससे कई लोग घायल हुए हैं।’’ मौसम विभाग के अनुसार टोक्यो के अलावा गुन्मा, साइतमा, कानगावा, यामनाशी ,नागानओ और -शिजुओका प्रांतों में सबसे बड़े स्तर का खतरे का ‘अलर्ट’ जारी किया गया है।