नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) को लेकर बड़ा बयान दिया। गुरुवार को उन्होंने कहा कि अगला एजेंडा पीओके को फिर से हासिल करना और इसे भारत का हिस्सा बनाना है। देश के संस्थान सरकार के आदेशों के अनुसार काम करेंगे। सेना हमेशा तैयार है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिनों की सबसे बड़ी उपलब्धि में जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करना शामिल है और हमारा अगला एजेंडा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाना है। सिंह ने पीओके के मुद्दे पर कहा कि यह केवल मेरी या मेरी पार्टी की प्रतिबद्धता नहीं है बल्कि यह 1994 में पी वी नरसिंह राव के नेतृत्व वाली तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा सर्वसम्मति से पारित संकल्प है। और यह एक स्वीकार्य रुख है।