नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पृथ्वी दिवस पर देशवासियों को पर्यावरण को संरक्षित रखने और सतत विकास पर जोर देने का संदेश दिया है। मोदी ने ट्विटर पर जारी अपने संदेश में कहा है, ‘‘आज पृथ्वी दिवस पर हम माता स्वरूप पृथ्वी के सम्मान में नतमस्तक हैं। यह विशाल ग्रह वर्षों से असाधारण विविधता का आश्रयस्थल रहा है! आज हम इस ग्रह को संरक्षित रखने, सतत विकास पर जोर देने और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के प्रति अपनी वचनबद्धता दोहराते हैं।’’ पृथ्वी दिवस एक वार्षिक आयोजन है, जिसे 22 अप्रैल को दुनिया भर में पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्थन प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।