नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सोमवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया। इसमें देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर फोकस करते हुए 75 संकल्पों को रखा गया है। दावा किया गया कि इसे छह करोड़ लोगों की मदद से तैयार किया गया। इसे ‘संकल्पित भारत, सशक्त भारत’ नाम दिया गया है। घोषणा पत्र जारी करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के छोटे दुकानदारों को, जिनकी उम्र 60 साल से ऊपर हो चुकी है उन्हें पेंशन दी जाएगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी किसानों को 6 हजार सालाना दिया जाएगा। पहले यह गरीब किसानों को मिलता था। छोटे और सीमांत किसानों को, जिनकी उम्र 60 साल से ऊपर हो चुकी है उन्हें पेंशन की सुविधाएं देंगे। राजनाथ सिंह ने कहा कि हम किसानों की आय दोगुनी करेंगे। पहले भी हमने वादा किया था, इसे लागू करने के लिए और कदम उठाएंगे। एक लाख तक जो क्रेडिट कार्ड पर किसानों को लोन मिलता है, उस पर पांच साल तक जीरो ब्याज लगेगा।
बीजेपी नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रवाद के प्रति पूरी प्रतिबद्धता है। आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति है. यूनिफॉर्फ सिविल कोड के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए जितनी सख्ती हो सकती है हम करेंगे। सिटीजनशिप बिल को हम लागू करेंगे। हम संस्कृति पर आंच नहीं आने देंगे। देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे। राम मंदिर के लिए हम हर संभव कोशिश करेंगे। उसके रास्ते तलाशेंगे।
चुनाव घोषणापत्र समिति के प्रमुख राजनाथ सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ, यानी वर्ष 2022 के लिए 75 संकल्प लिए गए हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया, मन की बात कार्यक्रम, 7700 से अधिक सुझाव पेटियों के माध्यम से संकल्प पत्र बनाया गया है। घोषणापत्र में वादा किया गया है किसान क्रेडिट कार्ड पर 1 लाख तक के लोन पर पांच साल तक कोई ब्याज नहीं देना होगा। घोषणापत्र में कहा गया है कि राम मंदिर निर्माण कराने की पूरी कोशिश की जाएगी। 25 लाख करोड़ ग्रामीण क्षेत्रों में खर्च होंगे। बीजेपी ने राष्ट्रीय व्यापार आयोग बनाने का वादा किया है।
वहीं मैनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, घोषणापत्र को 12 श्रेणियों में विभाजित किया गया था। हर विषय के लिए एक अलग से सब कमिटी भी बनाई थी। सभी क्षेत्रों, सभी वर्गों से बात करने के बाद यह विजन डॉक्यूमेंट आपके सामने जारी कर रहे हैं।