नई दिल्ली। जगत प्रकाश नड्डा (59) आम सहमति से भाजपा के 11वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के तहत सोमवार को पार्टी मुख्यालय में इस पद के लिए नामांकन दाखिल किया। कोई उम्मीदवार नहीं आने पर उन्हें अध्यक्ष बनाया गया। पिछले साल जून में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए नड्डा अमित शाह की जगह पार्टी के नए अध्यक्ष बने हैं।
वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। बतौर अध्यक्ष उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती दिल्ली विधानसभा चुनाव होगी। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में स्वास्थ्य मंत्रालय का पदभार संभालने वाले जेपी नड्डा भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेताओं में से एक हैं।