28 Mar 2024, 22:44:13 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

कोलकाता के पूर्व मेयर सोवन भाजपा में शामिल

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 15 2019 12:38AM | Updated Date: Aug 15 2019 12:38AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को तृणमूल नेता एवं कोलकाता के पूर्व मेयर सोवन चटर्जी और उनकी सहयोगी वैशाखी बनर्जी को पार्टी में शामिल कर लिया। चटर्जी और बनर्जी ने यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता अरूण सिंह और मुकुल राय की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया। दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कभी ममता बनर्जी के करीबी रहे राय ने कहा,‘‘चटर्जी के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को शहर में बड़ी सफलता हासिल होगी। पार्टी ना केवल कोलकाता नगर निगम का चुनाव जीतेगी बल्कि 2021 का विधानसभा चुनाव भी जीतेगी।’’

उन्होंने कहा,‘‘हमारी जीत इतनी जोरदार होगी कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस राज्य विधानसभा में विपक्षी दल के रूप में भी मान्यता हासिल करने में विफल रहेगी।’’ संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाने वाले सोवन चटर्जी को पिछले साल नवंबर में राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पश्चिम बंगाल में मंत्री और कोलकाता के मेयर पद से बर्खास्त कर दिया गया था। वैशाखी बनर्जी ने इस महीने की शुरुआत में कोलकाता के मिल्ली अल अमीन कॉलेज में शिक्षक के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि वह तृणमूल कांग्रेस समर्थित सरकारी शिक्षकों के एक वर्ग की ओर से ‘उत्पीड़न’ की शिकार थीं। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में हाल में संपन्न लोकसभा चुनावों में अभूतपूर्व प्रदर्शन किया। भाजपा ने राज्य की 42 संसदीय सीटों में से 18 सीटें जीतीं और इसके बाद राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरीं।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »