लाहौर। पाकिस्तान में बलात्कार के दो मामले के दोषियों को अलग-अलग फांसी पर लटका दिया गया। जियो न्यूज के अनुसार एक को हरीपुर और दूसरे को लाहौर में फांसी पर लटकाया गया। फांसी बुधवार को दी गई। बालिका के साथ बलात्कार के दोषी मुहम्मद जेहनजेब (45) को हरीपुर की केंद्रीय जेल में फांसी दी गई। वह चरखा खेल का रहने वाला था। उसे शरीय अदालत ने नाबालिग साली के साथ 1998 में बलात्कार के बाद हत्या कर देने के मामले में फांसी की सजा दी थी।
उसके शव को परिवार वालों को सौंप दिया गया है। दूसरे मामले में अपराधी अशरफ को कोट लखपत जेल में फांसी पर लटकाया गया। अशरफ तीन महिलाओं आयेशा, दीवा और मरियम की हत्या का दोषी था। यह मामला 2002 का विवाह विवाद से जुड़ा हुआ है। यह हत्याएं मस्ती गेट क्षेत्र में की गई। अपराधी का ब्लैक वारंट दो दिन पहले जारी किया गया और उसके परिवार वालों के साथ अंतिम मुलाकात भी कराई गई। फांसी के बाद उसके शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।