मांट्रियल। सुरक्षा की दृष्टि से वर्ष 2017 की तुलना में पिछले साल विमानन क्षेत्र का प्रदर्शन खराब रहा और दुनिया भर में हुए कुल 11 घातक विमान हादसों में 523 लोगों की जान चली गई। अंतर्राष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आयटा) के आँकड़ों के अनुसार, वर्ष 2018 इससे पहले के पाँच साल के औसत की तुलना में तो बेहतर रहा, लेकिन वर्ष 2017 के मुकाबले इसमें गिरावट देखी गई। वर्ष 2017 में प्रति एक करोड़ उड़ान 11.1 दुर्घटना हुई थी जो पिछले साल बढ़कर 13.5 पर पहुँच गई। हालांकि, वर्ष 2013-17 का औसत 17.9 का रहा था। वर्ष 2017 में छह घातक विमान हादसों में 19 लोगों की जान गई थी।
पिछले साल चार करोड़ 61 लाख उड़ानों में चार अरब 30 करोड़ यात्रियों ने सफर किया। इस दौरान घातक विमान हादसों की संख्या बढ़कर 11 हो गई और इनमें 523 लोगों को जान गंवानी पड़ी। आँकड़ों के अनुसार, वर्ष 2017 में कुल 46 विमान दुर्घटनाएँ हुई थीं। इनकी संख्या पिछले साल बढ़कर 62 हो गई। वर्ष 2013-17 का इसका औसत 68 रहा था। आयटा के महानिदेशक एलेक्जेंडर डी जुनैक ने कहा कि पिछले पाँच साल के औसत के मुकाबले निश्चित से विमानन क्षेत्र का सुरक्षा रिकॉर्ड बेहतर हुआ है। यदि वर्ष 2013 की दर 2018 में बनी रहती तो 62 की जगह 109 हादसे हुए होते और घातक दुर्घटनाओं की संख्या 11 की जगह 18 होती।