चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके लिए राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र तिरस्कृत क्षेत्र (पंचिंग बैग) या फिर धन एकत्र करने का स्रोत है। विपक्षी दल पर मोदी का हमला ऐसे समय आया है जब कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया कि उसने राफेल सौदे पर कैग रिपोर्ट के बारे में गलत सूचना देकर उच्चतम न्यायालय को गुमराह किया।
कांग्रेस ने यह भी कहा है कि राफेल मामले में सरकार को राहत देने वाला उच्चतम न्यायालय विमान की कीमतों और तकनीकी पहलुओं के ब्योरे में नहीं गया। इसने कहा कि केवल संयुक्त संसदीय समिति ही यह जांच कर सकती है कि सौदे में कोई अनियमितता हुई या नहीं। पीएम मोदी ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान कहा, कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र या तो तिरस्कृत क्षेत्र (पंचिंग बैग) या फिर फंडिंग का स्रोत है।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता एक तरफ सेना प्रमुखों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं और सर्जिकल स्ट्राइक का मजाक उड़ाते हैं, दूसरी तरफ उन्होंने 1940 और 50 के दशक में जीप घोटाले से लेकर 1980 के दशक तक बोफोर्स तक, अगस्तावेस्टलैंड और पनडुब्बी घोटाले तथा अन्य घोटालों को अंजाम देकर देश को लूटने का काम किया है।
पीएम मोदी ने कहा, वे सब (कांग्रेस) इसे धन बनाने का जरिया मानते हैं। चाहे इससे हमारे बलों के मनोबल पर ही प्रभाव क्यों न पड़ता हो। प्रधानमंत्री ने कहा - हमें अपने बलों पर गर्व है और उन पर विश्वास है तथा सरकार ने उनके लिए हमारे देश को नुकसान पहुंचाने वालों से निपटने के वास्ते अभियानगत स्वतंत्रता सुनिश्चित की है।
उन्होंने कहा - सर्जिकल स्ट्राइक दिखाता है कि हम पर हमला करने वालों को जवाब देने में हमारे बल कितने सक्षम हैं। राजस्थान में हाल में चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने सेना द्वारा सितंबर 2016 में सीमा पार किए गए सर्जिकल स्ट्राइक पर ‘‘संदेह व्यक्त करने’’ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की निन्दा की थी।