नई दिल्ली। कांग्रेस ने वित्त मंत्री अरुण जेटली की बेटी सोनाली जेटली के बहाने मोदी सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अरुण जेटली पर भगोड़े आर्थिक अपराधी मेहुल चोकसी की देश छोड़ने में मदद करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने ट्वीट कर सोनाली का अकाउंट नंबर भी सार्वजनिक किया है, जिसके जरिए कांग्रेस पार्टी पैसे लेने का आरोप लगा रही है।
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि वित्त मंत्री की बेटी चोर मेहुल चोकसी के लिए काम कर रही थीं और उनके पिता जेटली ने फाइल दबा दी। साथ ही मेहुल को देश से भागने दिया। इसके बाद राहुल ने सोनाली जेटली के बैंक खाते का नंबर साझा करते हुए लिखा कि मीडिया ने इस स्टोरी को दबा दिया है।
राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में अपनी चुनावी रैली के दौरान भी जेटली पर लगाए गए आरोपों को दोहराया। उन्होंने कहा कि नीरव मोदी और मेहुल चोकसी देश के 35 हजार करोड़ रुपए चोरी करने वाले चोर हैं। मेहुल चोकसी ने वित्त मंत्री अरुण जेटली की बेटी के बैंक खाते में लाखों रुपए डाले। वित्त मंत्री ने मेहुल चोकसी पर कोई कार्रवाई नहीं की और वो भाग गया।