29 Mar 2024, 16:22:09 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

भारत ने खोया रत्‍न, नहीं रहे अटल जी, सात दिन का राष्ट्रीय शोक

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 16 2018 7:24PM | Updated Date: Aug 16 2018 7:37PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का 93 साल की उम्र में एम्स में निधन हो गया। एम्स की ओर से मेडिकल बुलेटिन जारी कर इसकी जानकारी दी गई। वह करीब दो महीने से एम्स में भर्ती थे। बुधवार को उनकी हालत और बिगड़ गई थी और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। इसके बाद से ही पीएम, मंत्रियों, नेताओं का उनसे मिलने का सिलसिला जारी हो गया था। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में शाम 5 बजकर 5 मिनट अंतिम सांस ली। अटल जी का पार्थिव शरीर उनके आवास पर ले जाया जा रहा है। खबरों के अनुसार कल दोपहर 01:30 बजे वाजपेयी की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।

यह यात्रा भाजपा दफ्तर से स्मृति स्थल को निकाली जाएगी। वाजपेयी का पार्थिव शरीर सुबह नौ बजे बीजेपी मुख्यालय ले जाया जाएगा जहां आम लोग उनकें अंतिम दर्शन कर सकेंगे। सूत्रों के मुताबिक अटल जी का अंतिम संस्कार स्मृति स्थल के पास किया जा सकता है। वहीं वाजपेयी के निधन के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हे भावपूर्ण श्रृद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने पूर्व पीएम के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन हर भारतीय को हमेशा मिलता रहेगा।

उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मैं नि:शब्द हूं, शून्य में हूं लेकिन भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा है। हम सभी के श्रद्धेय अटल जी हमारे बीच नहीं रहे। अपने जीवन का प्रत्येक पल उन्होंने राष्ट्र को समर्पित कर दिया था। उनका जाना, एक युग का अंत है। उन्होंने लिखा कि वो हमें कहकर गए हैं कि मौत की उमर क्या है? दो पल भी नहीं, कान्दिगी सिलसिला, आज कल की नहीं मैं जी भर जिया, मैं मन से मरूं, लौटकर आऊँगा, कूच से क्यों डरूं? 

वाजपेयी के सम्मान में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा 

सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर उनके सम्मान में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। गृह मंत्रालय के अनुसार वाजपेयी की स्मृति मे देश में आज से 22 अगस्त तक राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा और इस दौरान सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। इस अवधि के दौरान कोई सरकारी समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा। वाजपेयी का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार के दिन विदेशों में भारतीय मिशनों और उच्चायोंगों पर भी राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। पूर्व प्रधानमंत्री का आज शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया था। 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »