नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को केंद्र में चार साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक चल रही है। बैठक की अध्यक्षता पार्टी प्रमुख अमित शाह और रामलाल कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री, केंद्रीय पदाधिकारी और पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त कार्यसमिति के पदाधिकारी इस बैठक में शामिल हैं।
इन पदाधिकारियों से क्षेत्र में किये गए काम का लेखा-जोखा मांगा जा रहा है। भाजपा 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए गुड़गांव में 18 से 20 मई तक राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन भी करने वाली है। इस कार्यशाला में कृषि क्षेत्र में मोदी सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। पार्टी के चार साल पूरे होने के मौके पर भाजपा ने 48 साल बनाम 48 महीने का नारा दिया।