नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री वी के सिंह ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अल्पसंख्यक खानाबदोश समुदाय की आठ साल की एक बच्ची से गैंगरेप और फिर उसकी निर्मम हत्या किए जाने के मुद्दे पर कहा कि एक इंसान के तौर पर हमने उस बच्ची को निराश किया लेकिन उसे न्याय से वंचित नहीं किया जाएगा।
बच्ची खानाबदोश बकरवाल मुस्लिम समुदाय से थी। वह कठुआ के रसाना गांव के निकट अपने घर के बगल के जंगल से 10 जनवरी को लापता हो गई थी। सके एक सप्ताह के बाद उसका शव उसी क्षेत्र से बरामद हुआ था। इस घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि हम इंसान के तौर पर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सके। इस मामले पर प्रतिक्रिया देने वाले वह भाजपा के शायद पहले मंत्री हैं।
विदेश राज्य मंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, ‘लेकिन उसे न्याय से वंचित नहीं किया जाएगा।’ इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अब तक दो विशेष पुलिस अधिकारियों और एक हेड कांस्टेबल सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। हेड कांस्टेबल पर सबूत नष्ट करने के आरोप हैं।