20 Apr 2024, 16:12:16 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

पहली बार CWC की अध्यक्षता करेंगे राहुल, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 22 2017 11:22AM | Updated Date: Dec 22 2017 12:12PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली। राहुल गांधी शुक्रवार को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बतौर कांग्रेस अध्यक्ष यह उनकी पहली बैठक होगी। सीडब्ल्यूसी नए अध्यक्ष का स्वागत करेगी और बैठक में संभवत: मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी चर्चा होगी। बैठक में गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन और इसके भविष्य पर होने वाले असर भी चर्चा हो सकती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक में 2जी स्पेक्ट्रम केस में सभी आरोपियों के बरी हो जाने के फैसले पर चर्चा हो सकती है। बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कथित घोटाला को 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक अभियान में जमकर उछाला था।
 
यूपीए 2 के शासन में कथित भ्रष्टाचार को मनमोहन सिंह की सरकार की हार की वजह माना गया। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस 2जी मुद्दे को लोगों तक ले जाना चाहती है और इसके लिए जल्द ही एक योजना को औपचारिक रूप से रखेगी। सीडब्ल्यूसी पार्टी के नीति निर्धारण की सबसे बड़ी संस्था है और वह इस बारे में एक प्रस्ताव को जल्द ला सकती है। एआईसीसी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने कहा है कि सीडब्ल्यूसी की बैठक का समय साढ़े 10 बजे तय है। हालांकि बैठक के एजेंडा का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया। 

मौजूद रहेंगे पार्टी के बड़े नेता
गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव नतीजों के बाद इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में गुलाम नबी आजाद, जनार्दन द्विवेदी, अशोक गहलोत, समेत पार्टी के बड़े नेता उपस्थित रहेंगे। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस बैठक में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मौजूद रहेंगी या नहीं।
 
गुजरात चुनावों पर चर्चा 
बता दें कि राहुल गांधी इसी महीने की 16 तारीख को कांग्रेस अध्यक्ष बने हैं। हालांकि उनके अध्यक्ष बनने के तीसरे दिन ही गुजरात और हिमाचल प्रदेश के आए परिणामों के चलते विपक्षी दलों ने उन पर सवाल खड़े कर दिए। वहीं राहुल गांधी ने हार स्वीकार कर कहा था कि यह हमारे लिए काफी अच्छे चुनाव नतीजे हैं। हम गुजरात की जनता को धन्यवाद देते हैं। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »