24 Apr 2024, 10:31:26 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

इंदिरा के बाद निर्मला सीतारमण बनीं देश की महिला रक्षा मंत्री

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 4 2017 12:24PM | Updated Date: Sep 4 2017 12:24PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी कैबिनेट का रविवार को तीसरा विस्तार किया गया। इसमें कुल 13 मंत्रियों ने शपथ ली। नौ नए मंत्रियों को शामिल किया गया जबकि चार मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रमोशन दिया गया। मोदी कैबिनेट का महिलाओं पर भरोसा बढ़ता नजर आया। वाणिज्य मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहीं निर्मला सीतारमण को प्रमोशन देते हुए उन्हें रक्षा मंत्रालय जैसी अहम जिम्मेदारी दी गई। आजादी के 70 साल बाद निर्मला सीतारमण के रूप में देश को पहली फुल टाइम महिला रक्षा मंत्री मिली हैं। इससे पहले 1975 और 1980 में प्रधानमंत्री रहते हुए इंदिरा गांधी रक्षा मंत्रालय संभाल चुकी हैं।

प्रभु को वाणिज्य मंत्रालय सौंपा
निर्मला के अलावा पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान और मुख्तार अब्बास नकवी ने भी कैबिनेट मंत्री की शपथ ली है। गोयल को रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रेल मंत्री रहे सुरेश प्रभु को वाणिज्य मंत्रालय दिया गया है। नितिन गडकरी को सड़क परिवहन मंत्रालय के साथ-साथ गंगा एवं जल संसाधन मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले जल संसाधन मंत्रालय उमा भारती के पास था। 
 
प्रधान को पेट्रोलियम मंत्रालय के अलावा कौशल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। स्मृति ईरानी के पास सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अलावा कपड़ा मंत्रालय की जिम्मेदारी बनी रहेगी। मंत्रियों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल का विस्तार करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स की बैठक में भाग लेने चीन रवाना।
 
निर्मला बोलीं- ये दैवीय कृपा
शपथ लेने के बाद सीतारमण ने रक्षा मंत्री बनाए जाने को बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा, ''मेरे लिए ये बड़ा दिन है। मुझे उम्मीदों पर खरा उतरना है। अब टारगेट पूरे कर खुद को साबित करना होगा। कोई छोटे कस्बे से उठकर पार्टी में शामिल होता है। बाद में पार्टी लीडरशिप के सपोर्ट से इस अहम जिम्मेदारी तक पहुंचता है। मुझे लगता है कि ये किसी ब्रह्मांडीय या दैवीय कृपा के असर के बगैर संभव नहीं हो सकता है।

सुषमा स्वराज विदेश मंत्री 
वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज मोदी सरकार का अहम चेहरा हैं। विदेश मंत्रालय में अपने तीन साल में उन्होंने बेहद अहम फैसले लिए हैं। भारत से बाहर रहने वाले भारतियों की मदद के कारण विदिशा से सांसद सुषमा चर्चा में भी बनी रहती हैं।

स्मृति ईरानी सूचना-प्रसारण मंत्री
मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय जैसी अहम जिम्मेदारी संभाल चुकीं स्मृति ईरानी के पास कपड़ा मंत्रालय का जिम्मा है। वेंकैया नायडू के उपराष्ट्रपति चुने जाने के बाद उन्हें सूचना प्रसारण मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी। 

उमा भारती पेयजल मंत्री 
उमा भारती पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री हैं। पहले उनके इस्तीफे की चर्चा थी, लेकिन वे कैबिनेट में बरकरार रहीं। फेरबदल में गंगा जीर्णोद्धार और जल संसाधन मंत्रालय उमा से लेकर परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को सौंपा गया है।

मेनका गांधी महिला-बाल विकास मंत्री 
गांधी परिवार से आने वालीं भाजपा की वरिष्ठ नेता मेनका गांधी मोदी सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। पीलीभीत से सांसद मेनका पशु अधिकार कार्यकर्ता भी हैं।

हरसिमरत कौर खाद्य प्रसंस्करण मंत्री 
एनडीए सरकार में शामिल शिरोमणि अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल भी मोदी कैबिनेट का खास चेहरा हैं। उन्हें खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय सौंपा गया है। जबकि सांसद साध्वी निरंजन ज्योति को राज्य मंत्री बनाया है।

15 देशों में हैं महिला रक्षा मंत्री
- फ्रांस: राष्ट्रपति इमैनुअल मैकरॉन की सरकार में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद रक्षा मंत्री के इस्तीफे के चलते फ्लोरेंस पार्ली नई रक्षा मंत्री बनीं।  
- रिपब्लिक ऑफ मैसिडोनिया : सोशल डेमोक्रेटिक यूनियन की नेता रादमिला सेकेरिंस्का रक्षा मंत्री हैं। वे कार्यवाहक पीएम भी रह चुकी हैं।
- स्पेन: मारिया डोलोरेस दि कोस्पेदाल सत्तारूढ़ पीपुल्स पार्टी की सेके्रटरी जनरल रक्षा मंत्री हैं। 
- ऑस्ट्रेलिया : लिबरल पार्टी से सीनेटर मरीस एन. पेन को टर्नबुल सरकार ने रक्षा मंत्रालय सौंपा था। 
- स्लोवेनिया : यहां एंद्रेजा कटिक के पास देश की सुरक्षा का जिम्मा है। 
- इटली : रॉबर्टा पिनोट्टी रक्षा मंत्री के पद पर तैनात हैं। 
- जर्मनी : देश के इतिहास में पहली बार 2013 में ओजोला फर्द वॉन लायेन को रक्षा मंत्री बनाया गया।  
 -बांग्लादेश : शेख हसीना प्रधानमंत्री के साथ-साथ रक्षा मंत्री भी हैं। 
- दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड, निकारागुआ, केन्या, अल्बानिया, नॉर्वे और बॉस्निया एंड हजेगोर्विना में भी महिला रक्षा मंत्री हैं।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »