25 Apr 2024, 15:56:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

चोटी कटने का सिलसिला जारी, फैल रही हैं इस तरह की अफवाहें

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 4 2017 10:12AM | Updated Date: Aug 4 2017 10:12AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली। देश के बीजेपी शासित राज्यों- राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के इलाकों में महिलाओं की चोटी काटे जाने के बाद अब मध्यप्रदेश का चंबल इलाका भी इस तरह की अजीब घटनाओं को लेकर चर्चा में है।

मध्यप्रदेश में चार महिलाओं की चोटी तो कटी ही, एक युवक के बाल भी कट गए और इन सबको अहसास ही नहीं हुआ। प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो महिलाओं की चोटी और एक युवक के बाल कट गए और तीनों ही उससे अनजान बने रहे। उन्हें पता तब चला, जब उन्होंने अपने सिर पर हाथ फेरा। गुरुवार को बैराड़ थाना क्षेत्र की गायत्री कॉलोनी में रहने वाली रिंकी तोमर टीवी देख रही थी, तभी उसकी चोटी कट गई।
 
सवाल ये कि आखिर कोई बंद कमरे के भीतर, परिवार के लोगों की मौजूदगी के बीच किसी की चोटी कैसे काट सकता है? क्या चोटी काटने की घटना महज अफवाह है लोगों का ध्यान खींचने के लिए ? या लोगों में डर और दहशत फ़ैलाने के लिए किसी गिरोह की साजिश ?
 
चोटी काटने की घटना महज लोगों में अंधविश्वास पैदा करने के लिए हो सकती है क्योंकि जिसके साथ भी ये घटना हुई है उनमें से किसी ने भी हमलावर को नहीं देखा लेकिन हमलावरों की उपस्थिति को कुछ ने ज़रूर महसूस किया। लोगों का अब कहना है कि इसके पीछे कोई ‘चमत्कार’ या ‘अलौकिक शक्ति’ है या कोई जादू टोना कर रहा है। लोगों द्वारा इस घटना को लेकर ऐसी सोच आज के आधुनिक युग में भी अंधविश्वास पैदा करती है।
 
अभी तक चोटी काटने के जितने भी मामले सामने आए हैं, उनमें एक बात समान है कि सभी महिलाओं की चोटी घर के अंदर ही कटी है। किसी भी शख्स को आते-जाते नहीं देखा गया। कुछ लोगों ने किसी अनोखी शक्ति या फिर शैतान का जिक्र जरूर किया लेकिन अभी तक कोई पुख्ता बात सामने नहीं आ सकी है, लिहाजा पुलिस के हाथ खाली हैं।
 
चोटी काटे जाने का ताजा मामला मायापुरी के नांगलराया इलाके का है, जहां एक ही परिवार की तीन बच्चियों की चोटियां काटे जाने की खबर है। चोटी किसने काटी, यह एक रहस्य बना हुआ है लेकिन हां, इस घटना ने परिवार के दिलों में ऐसी खौफनाक दहशत भर दी है कि परिवार जागते हुए रातें बिताने को मजबूर है।
 
छावला स्थित कांगनहेड़ी गांव में तीन महिलाओं की चोटी काटे जाने वाले मामले की जांच कर रही फोरेंसिक टीम का कहना है कि दो महिलाओं के बाल कैंची से काटे गए हैं। हालांकि अभी तक एक्सपर्ट्स किसी भी नतीजे तक नहीं पहुंच सके हैं। वहीं पुलिस इस मामले में तंत्र-मंत्र, जादू-टोने की बात से भी इनकार नहीं कर रही है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »