28 Mar 2024, 19:36:59 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

फ्राइडे को हुआ ‘ब्लैक फ्राइडे’ का हिसाब

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 16 2017 10:09PM | Updated Date: Jun 19 2017 12:39AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। 12 मार्च 1993 को शुक्रवार के दिन ही मुंबई बारह धमाकों से रक्तरंजित हुई थी। दुनियाभर ने उस दिन को ‘ब्लैक फ्राइडे’ कहा था। टाडा की विशेष अदालत ने 16 जून 2017 को जब इस मामले में अपना फैसला सुनाया, तब भी फ्राइडे ही है। कोर्ट का यह फैसला 24 साल बाद आया। टाडा कोर्ट ने एक झटके में फ्राइडे के दिन ‘ब्लैक-फ्राइडे’ के हत्यारों का न्याय कर दिया। कोर्ट अब दोषी ठहराए गए सभी छह आरोपियों को सोमवार को उनकी करतूतों के लिए सजा सुनाएगी। 

 
ऐसे रची गई थी साजिश
अभियोजक दीपक साल्वी ने बताया कि मुस्तफा दोसा के भाई मोहम्मद दोसा के दुबई स्थित घर पर बैठक हुई थी। वहीं ये साजिश रची गई थी कि मुंबई में हथियार और आरडीएक्स भेजकर धमाके और दंगे कराए जाएं। मुस्तफा दोसा ने दुबई मीटिंग में हुए फैसले के मुताबिक 9 जनवरी 1993 को हथियारों और आरडीएक्स की पहली खेप भेजी थी। गुजरात के भरूच से ये चीजें अबु सलेम मुंबई लेकर आया था। उसने कुछ हथियार संजय दत्त समेत बाकी लोगों को दिए थे। ताहिर मर्चेंट भी साजिश के हर चरण में शामिल था। दुबई आने वाले लोगों के लिए वह पूरे इंतजाम करता था। वह लोगों को ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भेजता था। पाकिस्तान ने भी आरोपियों को ग्रीन चैनल दे रखा था। समूची साजिश बाबरी मस्जिद ढहाए जाने का बदला लेने की थी।
 
धमाकों से पहले हुई 15 बैठकें
इस मामले में 27 आरोपी अभी भी फरार हैं। मोहम्मद दोसा, टाइगर मेमन और छोटा शकील ने पाकिस्तान में प्रशिक्षण शिविर लगवाए थे। हथियारों की ट्रेनिंग के लिए अपने गुर्गों को दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजा था। ब्लास्ट कराने से पहले दुबई और बाकी जगहों पर 15 बैठकें की गई थीं। 
 
छह आरोपियों पर ये आरोप हुए साबित
 
दूसरे देशों में आजाद घूम रहे ये दोनों अपराधी...
 
-मुस्तफा अहमद दोसा (दुबई से प्रत्यर्पित)
-बम धमाकों की साजिश का हिस्सा
-हथियारों का जखीरा भारत भेजा
-आरोपियों के दुबई भागने का खर्च दिया
-आतंकी ट्रेनिंग के लिए लोगों को पाकिस्तान भेजा
-बचे विस्फोटकों को नष्ट करने का आदेश दिया
 
अबु सलेम अंसारी (पुर्तगाल से प्रत्यर्पित)
-हथियारों का जखीरा लाने भरूच गया
-संजय दत्त को हथियार दिया
-बाकी के हथियार छुपा कर रखे
-पूछताछ में रियाज सिद्दीकी, करीम शेख की जानकारी मिली
 
संजय दत्त को दोबारा जेल जाने का डर
संजय दत्त को मुंबई की टाडा अदालत ने 31 जुलाई 2007 को छह साल कैद की सजा सुनाई थी। साल 2013 में सुप्रीम कोर्ट ने सजा को एक साल घटा कर 5 साल कर दिया। दत्त ने मई 2013 में सरेंडर कर दिया था। वह फरवरी 2016 में पुणे की यरवदा जेल से छूटे थे। पिछले सप्ताह बॉम्बे हाईकोर्ट ने जेल प्रशासन से सवाल पूछा था कि जब संजय दत्त अपनी कैद के आधे समय तक पैरोल पर बाहर ही रहे, ऐसे में उन्हें जल्दी रिलीज कैसे किया गया? जेल अधिकारी अगले सप्ताह कोर्ट में अपना पक्ष रखेंगे।
 
ये है पूरा मामला
-12 धमाकों में 257 की मौत, 700 से ज्यादा जख्मी
-अबु सलेम, मुस्तफा दोसा समेत सात आरोपी
-पुर्तगाल से डिपोर्ट कर लाया गया है सलेम
-विस्फोटक लाने, साजिश, मदद का आरोप
-100 आरोपी पहले दोषी करार
-100 में से 12 को फांसी की सजा
-याकूब मेमन को फांसी हो चुकी है
-2012 से चल रहा है केस
-अब तक 64 नए गवाह पेश 
-कुल गवाहों की संख्या 686
-दाऊद इब्राहिम, टाइगर मेमन समेत 33 अब भी फरार
 
गर्लफ्रेंड मोनिका के साथ पकड़ा गया था डॉन
अबु सलेम को पुर्तगाल सरकार ने इस शर्त के साथ भारत को सौंपा था कि उसे किसी भी मामले में मौत की सजा या पच्चीस साल से ज्यादा की कैद नहीं दी जाएगी। सलेम को पुर्तगाल पुलिस ने जब गिरफ्तार किया था तो वह एक होटल में अपनी गर्लफ्रेंड और बॉलीवुड एक्ट्रेस मोनिका बेदी के साथ था। उसने 1998 में दुबई में कार ट्रेडिंग का कारोबार शुरू किया। इसी बीच एक स्टेज शो के दौरान उसकी दोस्ती मोनिका बेदी से हुई थी। दोनों का निकाह होने की बातें भी सामने आई थीं। मोनिका को भोपाल में बने फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तार किया गया था।
 
2015 से उम्रकैद काट रहा है सलेम
गैंगस्टर अबू सलेम पर भारत में कई दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। सलेम इस वक्त नवी मुंबई की तलोजा जेल में बंद है। उसे 2005 में पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किया गया था। सलेम को 1995 में मुंबई के बिल्डर प्रदीप जैन की हत्या के मामले में विशेष अदालत द्वारा फरवरी 2015 में उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है।

वकील का बेटा है सलेम
अबू सलेम उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है। उसके पिता वहां एक इज्जतदार वकील थे। मुंबई आने के बाद सिर्फ नौवीं तक पढ़े सलेम ने कुछ दिन टैक्सी भी चलाई थी
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »