नई दिल्ली। पूर्व CBI डायरेक्टर जोगिंदर सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। सिंह 77 साल के थे। जोगिंदर सिंह की देखरेख में CBI ने बोफोर्स घोटाले और बिहार के चारा घोटाले समेत कई हाईप्रोफाइल मामलों की जांच की थी। सरकारी दखलंदाजी से जब उन्होंने नाराजगी जताई तो उन्हें पद से हटा दिया गया था।
पूर्व लोकसभा सदस्य मनीष तिवारी ने निधन की पुष्टी की है। उन्होंने कहा, CBI के पूर्व डायरेक्टर जोगिंदर सिंह नहीं रहे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उनका अंतिम संस्कार कल यानी शनिवार को किया जाएगा।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सिंह काफी समय से बीमार थे। सिंह कर्नाटक कैडर के 1961 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। 1996-97 में पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा के रहते हुए उन्हें सीबीआई के प्रमुख के तौर पर चुना गया था।
चारा घोटाले में लालू यादव की गिरफ्तारी का आदेश भी जोगिंदर सिंह ने ही दिया था। सिंह ने 20 साल की उम्र में पुलिस सेवा में शामिल हुए थे। सेवानिवृत्त होने के बाद सिंह ने विभिन्न विषयों पर कई किताबें लिखीं हैं।