29 Mar 2024, 12:28:35 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

प्रियंका ने कराया सपा-कांग्रेस गठबंधन

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 23 2017 11:11AM | Updated Date: Jan 23 2017 11:17AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्‍ली। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन हो चुका है। कांग्रेस अब सपा के साथ चुनावी गठबंधन को अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है। साथ ही पार्टी इस बात को बेझिझक कुबूल रही है कि सपा और कांग्रेस के बीच सियासी दोस्ती की नई कहानी को लिखने में प्रियंका गांधी ने बेहद खास भूमिका निभाई है। रविवार सुबह अखिलेश यादव ने प्रियंका को फोन किया और इसके बाद गठबंधन का रास्ता साफ हो गया।
 
प्रियंका ने की अखिलेश से बात! 
सीट बंटवारे की खींचतान में शनिवार को आए नाजुक दौर में प्रियंका ने ही सपा प्रमुख और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सीधे संपर्क साधा। खुद कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। कांग्रेस महासचिव एवं उप्र प्रभारी गुलाम नबी आजाद भी यह कह चुके हैं कि प्रियंका ने पार्टी द्वारा लड़ी जाने वाली सीटों की पहचान करने और गठबंधन वार्ता में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। 
 
प्रियंका-डिंपल नजदीकियों से हुआ गठबंधन 
सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के पास शुक्रवार या शनिवार की रात को एक बजे के करीब प्रियंका गांधी का फोन आया था। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने फोन बंद किया हुआ है, लेकिन अखिलेश ने पहले ही कांग्रेस से कह दिया था कि गठबंधन की बात वे लोग डिंपल से कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि प्रियंका और डिंपल के नजदीकियां बढ़ी हैं, जिसकी वजह से यह गठबंधन हो पाया है। 
 
प्रियंका-डिंपल एकसाथ करेंगी रैलियां
इस गठबंधन के बाद यह भी तय हो गया है कि प्रियंका गांधी और डिंपल यादव कई रैलियां एकसाथ करेंगी। राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी 14 रैलियां एकसाथ करेंगे। अखिलेश यादव अपनी पार्टी की तरफ से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत मंगलवार को सुल्तानपुर से करेंगे। 
लंबी खींचतान के बाद लगी गठबंधन पर मुहर 
आपको बता दें कि कई दिनों से चली आ रही खींचतान के बाद शनिवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में गठबंधन पर मुहर लगी थी। समझौते के फॉर्मूले के मुताबिक जहां समाजवादी पार्टी 298 सीटों पर चुनाव लड़ेगी वहीं कांग्रेस को 105 सीटें दी गई हैं। दोनों पार्टियां मिलकर सूबे के सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी। यानि किसी दूसरे छोटे दल को इस गठबंधन में हिस्सेदार नहीं बनाया गया है। यूपी में 11 फरवरी को पहले चरण की वोटिंग होगी। सूबे में कुल सात चरणों में वोट डाले जाएंगे। 8 मार्च को आखिरी चरण के मत डाले जाएंगे और नतीजे 11 मार्च को आएंगे। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »