23 Apr 2024, 13:53:45 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

उपचुनावः मप्र और असम में खिला कमल, बंगाल में चला ममता का जादू

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 22 2016 8:35PM | Updated Date: Nov 22 2016 8:35PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। देश के सात राज्यों पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और पुड्डुचेरी में 4 लोकसभा सीटों और विधानसभा की 9 सीटों पर हुए उपचुनाव के घोषित नतीजे मिले-जुले रहे।
         
बंगाल में तृणमूल ने किया क्लीन स्वीप 
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने तामलुक और कूचबिहार लोकसभा सीट तथा मंतेश्वर विधानसभा सीट  के उपचुनाव में जीत हासिल करके क्लीन स्वीप कर दिया।
         
वर्द्धवान जिले की मंतेश्वर विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार साईकात पांजा ने माकपा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद उस्मान गनी सरकार को 1,27,127 मतों से पराजित किया। इस सीट पर माकपा, भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
       
पूर्वी मिदनापुर जिले की तामलुक लोकसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और परिवहन मंत्री सुवेंदु अधिकारी के भाई दिव्येंदु अधिकारी ने निकटतम प्रतिद्वंदी माकपा की मंदिरा पांडा को 4,97,525 मतों से पराजित किया। कूचबिहार लोकसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार पार्थ प्रतिम रॉय ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हेमचन्द्र बर्मन को 4,13,241 मतों से पराजित किया।
       
शहडोल-नेपानगर में कमल खिला
मध्य प्रदेश में शहडोल लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार ज्ञान सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री हिमाद्रि सिंह को लगभग 60,000 मतों से हराकर जीत हासिल की। नेपानगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की मंजू दाद ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अन्तरसिंह बर्डे को 42 हजार 198 मतों से हराकर जीत दर्ज की। 
    
तमिलनाडु की तीनों सीट अन्नाद्रमुक के खाते में 
तमिलनाडु की तीनों विधानसभा सीटों पर अन्नाद्रमुक उम्मीदवारों की जीत हुई है। तंजावुर सीट से अन्नाद्रमुक के रंगासामी ने डीएमके अंजुगम भूपति को 26846 मतों से हराया। अर्वाकुरुचि सीट से भी पार्टी के पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी ने डीएमके उम्मीदवार के सी पलनीसामी को  84727 मतों से हराया। तिरुप्पराकुंद्रम सीट पर हुए उपचुनाव में अन्नाद्रमुक के ए के बोस ने द्रमुक उम्मीदवार डॉ पी सरवनन को 42670 मतों से हराया। 
 
असम 
असम के लखीमपुर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रधान बरुआ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के डॉ. हेमोहरि प्रसन्ना पेगु को एक लाख 80 हजार से अधिक मतों के अंतर से शिकस्त दी। लखीमपुर लोकसभा सीट निर्वाचित सांसद सर्वानंद सोनोवाल के राज्य के मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली थी।
 
अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश के एंजाओ जिले में 45-हेयुलियांग विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार दसांगलु पुल ने जीत दर्ज की। भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ी पूर्व मुख्यमंत्री कलिखो पुल की पत्नी श्रीमती पुल ने निर्दलीय उम्मीदवार सुश्री योम्पी करी को 942 मतों से पराजित किया। 
 
त्रिपुरा में CPM का कब्जा
त्रिपुरा में बरजाला और खोवाई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में सत्तारुढ़ी माकपा ने जीत दर्ज की है। माकपा उम्मीदवार झूमू सरकार ने बरजाला सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के एस मोहन दास को 3,374 मतों से हराया जबकि खोवाई विधानसभा सीट से माकपा के विश्वजीत दत्ता ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मनोज दास को 16,094 मतों से शिकस्त दी।
         
पुड्डुचेरी में कांग्रेस 
पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस प्रत्याशी वी नारायणसामी ने नेल्लीथोप्पी विधानसभा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अन्नाद्रमुक के ओम शक्ति शेखर को 11,144 मतों के अंतर से हराया।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »