नई दिल्ली। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य कुमारी सैलजा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में शनिवार को आयोजित कांग्रेस की ‘भारत बचाओ रैली‘ में बेहद सफल बताते हुये कहा है कि इसमें उमड़े जनसैलाब ने देश की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत दे दिया है। सैलजा ने रैली के उपरांत जारी एक बयान में कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में आयोजित इस रैली का हालांकि आधिकारिक समय प्रात: दस बजे का था लेकिन यहां तड़के से लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था।
इससे पहले उन्होंने रैली को सम्बोधित करते हुये कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब इस बात का गवाह है कि देश में बहुत बड़ा बदलाव होने वाला है। आज से पांच महीने पहले देश को जो कहानी सुनाई गई थी वह मौजूदा स्थिति से पूर्णतया भिन्न है। मोदी के नेतृत्व में कथित झूठ के आधार पर बनी सरकार का पर्दाफाश हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जिस तरह की मानसिकता थोपना चाहती है देश उसे स्वीकार करने के लिये तैयार नहीं है।
चाहे नागरिकता संशोधन विधेयक(कैब) या राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर(एनआरसी) की बात हो देश में इन दोनों के खिलाफ आवाज उठ रही है तथा जिसके लिये मोदी जी, उनकी सरकार और गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेवार हैं। देश कभी इस बंटवारे को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र की मौजूदा सरकार के शासन में आम आदमी, किसान, मजदूर, व्यापारी, दलित, महिलाएं , युवा समेत हर वर्ग परेशान है। मोदी सरकार ने देश पर ऐसी अर्थिक नीति थोप दी है जो नोटबंदी से शुरू हुई और आज इस सरकार की कथित गलत नीतियों के कारण वह बदतर आर्थिक स्थिति में है। मंहगाई आसमान छू रही है।
प्याज ने तो लोगों के आंसू निकाल दिये हैं। कुमारी सैलजा ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने एक ऐसा आदेश निकाला है जिसके चलते आने वाले समय में गेंहू और चावल की खरीद बंद हो सकती। इससे किसान बुरी तरह प्रभावित होंगे। उन्होंने उपस्थित लोगों से कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की अपील की।