नई दिल्ली। शनिवार को रामलीला मैदान में होने जा रही भारत बचाओ रैली का निशाना भले ही केंद्र सरकार हो, लेकिन कांग्रेस इस रैली से दिल्ली में भी दम दिखाएगी। पार्टी की पूरी तैयारी है कि वह दिल्ली की सियासी जंग में खुद की मौजूदगी को मजबूती से दर्शाए। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा के भाषण में दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं। पिछले पांच साल से कांग्रेस दिल्ली की सत्ता से बाहर है। हालांकि नगर निगम चुनाव में पार्टी ने हर जगह अपनी हिस्सेदारी बरकरार रखी, लेकिन लोकसभा में दिल्ली की सात में से पांच सीटों पर दूसरे नंबर की पार्टी बनकर सिमट गई। ऐसे में तकरीबन डेढ़ माह के भीतर होने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस मजबूती से लड़ने की तैयारी में जुट गई है।
इस रैली में यूं तो देशभर से पार्टी कार्यकर्ता शिरकत करेंगे, जिसमें पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व उत्तर प्रदेश की मुख्य भूमिका रहेगी। इसमें भी अकेले दिल्ली से 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। रामलीला मैदान में भी रैली की तैयारी देर रात तक जारी रही। सुबह साढ़े दस बजे से शुरू होने वाली इस रैली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी तीनों के आदमकद कटआउट लगे हैं। मंच पर इन तीनों के अलावा और भी राष्ट्रीय नेता मौजूद रहेंगे। मंच पर दिल्ली का प्रतिनिधित्व प्रदेश प्रभारी पीसी चाको व अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा करेंगे।